25जेएनडी08: प्रो. रामपाल सैनी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए। संवाद
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) में 28 से 30 नवंबर तक हरियाणा उत्सव कार्यक्रम होगा। सोमवार को कुलपति प्रो. राम पाल सैनी ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28, 29 और 30 नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर में होने वाला यह आयोजन पूरी तरह हरियाणवी संस्कृति, परंपरा और विरासत को समर्पित रहेगा।
समारोह में प्रदर्शनी लगाकर विद्यार्थियों को राज्य की ऐतिहासिक विरासत से परिचित करवाया जाएगा। राज्य भर के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से आए विद्यार्थी तीन दिवसीय उत्सव में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि पांच मंच पर 25 तरह के कार्यक्रम होंगे। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत-लोकनृत्य, कविता पाठ, निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता, रंगोली, चित्रकला प्रदर्शनी और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियां शामिल हैं। विद्यार्थियों ने सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है।
वहीं, हरियाणा उत्सव में आठ विश्वविद्यालयों के कुलपति, मंत्री हरियाणवी कलाकार शामिल होंगे। कलाकारों की मौजूदगी से विद्यार्थियों को उनसे सीधे बातचीत करने और प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर पीआरओ डॉ. विजय कुमार, डॉ. अनिल कुमार, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अरुण कुमार मौजूद रहे।