सफीदों। आदर्श कॉलोनी स्थित राजकीय मिडिल स्कूल से 19 वर्षों से संचालित आंगनबाड़ी केंद्र को हटाया जा रहा है। कमरों की कमी के कारण यह निर्णय लिया गया है। मंगलवार को शहर की महिलाओं ने वार्ड संख्या 14 की पार्षद ज्योति दहिया के नेतृत्व में इसका विरोध किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र को किसी दूसरी जगह शिफ्ट न करने की मांग की।
पार्षद ज्योति दहिया ने बताया कि राजकीय मिडिल स्कूल के चार कमरों को जर्जर घोषित किया गया है। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्र को वर्तमान कमरे से हटाकर अन्य स्थान पर संचालित करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को केंद्र को हटाने के लिए कागजों पर हस्ताक्षर करने के लिए बुलाया गया था। पार्षद ने अधिकारियों से आंगनबाड़ी के लिए दूसरा स्थान पूछा लेकिन उन्होंने बताने से इनकार कर दिया। इस कारण पार्षद ने कागजों पर हस्ताक्षर नहीं किए।
आदर्श कॉलोनी के राजकीय मिडिल स्कूल परिसर में यह केंद्र 19 साल से चल रहा है। केंद्र के स्थानांतरण की जानकारी मिलने पर महिलाओं ने विरोध जताया। इनमें राशन लेने वाली महिलाएं, गर्भवती माताएं, दूध पिलाने वाली माताएं और तीन से छह वर्ष के बच्चों के अभिभावक शामिल हैं।
पार्षद ज्योति दहिया ने कहा कि केंद्र के शिफ्ट होने के बाद छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दूध पिलाने वाली माताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लाभार्थियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र को बिना उचित व्यवस्था के कहीं और शिफ्ट किया गया और आने-जाने के दौरान किसी बच्चे या महिला के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। महिलाओं ने चेतावनी दी कि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे आंदोलन करेंगी।
विभाग को भी पूर्व में सम्मान मिल चुका है
महिलाओं ने बताया कि स्कूल परिसर में वर्ष 2007 में बचपनशाला शुरू हुई थी। इसे वर्ष 2011 में आंगनबाड़ी-कम-प्ले स्कूल का स्वरूप दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, केंद्र की गतिविधियों और उपलब्धियों के लिए विभाग को पहले भी सम्मान मिल चुका है। इसी क्रम में वर्ष 2022 की उपलब्धियों के संदर्भ में पंचकूला में एक विशेष समारोह में विभाग को सम्मानित किया गया था।
जर्जर कमरों और जगह की कमी से आंगनबाड़ी केंद्र हटाने का फैसला
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य शमशेर सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र को स्कूल के कमरों से हटाने के लिए उच्च अधिकारियों के आदेश लिखित उन्हें प्राप्त हुए हैं। केंद्र को शिफ्ट करने के लिए अधिकारियों ने कहां पर भवन की व्यवस्था की है उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। जिन कमरों में केंद्र चल रहा है वहां पर प्राथमिक पाठशाला के बच्चों की कक्षा लगाए जाने के आदेश मिले हैं। पाठशाला के कई कमरे कंडम हो चुके हैं।