ग्रामीणों को संबोधित करते विधायक अभय सिंह चौटाला।
जींद। इनेलो की परिवर्तन यात्रा बुधवार को 139वें दिन कालवा गांव से शुरू होकर पिल्लूखेड़ा, जामनी, रजाना खुर्द, बुढाखेड़ा, जयपुर, छाप्पूर होती हुए मुआना पहुंची। यहां पर ग्रामीणों ने ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला का स्वागत किया। गांव बुढाखेड़ा में अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के साथ धोखा किया है। महिलाओं के वोट लेने के लिए हर गृहिणी को मुफ्त गैस सिलिंडर देने का वादा किया, लेकिन आज उन्हीं महिलाओं को हर महीने 1200 रुपये का गैस सिलिंडर लेना पड़ता है। अब महिलाओं के पास भाजपा सरकार की ओर से किए गए झूठे वादों का बदला लेने का मौका आ गया है। अगर महिलाएं यह निर्णय लें कि भाजपा-जजपा सरकार को बदलना है और इनेलो का राज लाना है तो सौ फीसदी परिवर्तन आ जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाएं जब इनेलो की सरकार बनाने का फैसला ले लेंगी तो घर में किसी की हिम्मत नहीं है कि उनसे अलग होकर कहीं और वोट दे दे। उन्होंने महिलाओं से कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर हर महीने एक गैस सिलिंडर सरकार की तरफ से मुफ्त देंगे और साथ ही हर महीने 1100 रुपये रसोई खर्च के लिए महिलाओं के खाते में डलवाएंगे।
उन्होंने कहा कि गांवों में महिलाओं को सत्संग करने के लिए जगह की बहुत परेशानी उठानी पड़ती है। चौ. देवीलाल ने अनुसूचित जाति के लोगों के लिए हर गांव में चौपाल बनवाई थी, इनेलो की सरकार बनने पर हर गांव में एयर कंडीशनर सत्संग भवन बनवाएंगे, जहां महिलाएं सत्संग कर सकेंगी। इन सभी घोषणाओं को सुनकर महिलाओं ने अभय को आशीर्वाद दिया। उन्होंने ग्रामीणों को ‘परिवर्तन’ करने का मंत्र दिया और कहा कि जब भी कोई भाजपा, कांग्रेस व जजपा का आदमी आपको मिले तो उसे तीन बार कहो ‘परिवर्तन करो’। जब हर रोज उनको परिवर्तन करो, कहोगे तो वो भी अपने घर पर जाकर कहेंगे ‘परिवर्तन करो’ जिससे निश्चित रूप से ‘परिवर्तन’ होगा।