नरवाना। फरक्का एक्सप्रेस में इटावा से बठिंडा लौट रही महिला के दस लाख के गहने और नकदी चोरी हो गई। सफाई के बहाने आए चार युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। जीआरपी ने अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पंजाब के बठिंडा के गांव गोनियाना निवासी रीता देवी ने एफआईआर में बताया कि 23 अप्रैल को वह अपने बेटे नितिन कुमार के साथ एक शादी समारोह में उत्तर प्रदेश गई थी। शादी में शामिल होने के बाद इटावा रेलवे स्टेशन से ट्रेन नंबर 15743 फरक्का एक्सप्रेस से बंठिडा लौट रही थीं।
उन्होंने दो सीट आरक्षित करवाई हुई थी। वह अपने बेटे के साथ एस-3 में सीट नंबर 49 पर बैठी थी जबकि उनका बैग सीट के नीचे रखा था। जब ट्रेन नरवाना रेलवे स्टेशन पहुंची तो 3-4 युवक सफाई के बहाने आए और उनका बैग उठाकर ऊपर वाली सीट पर रख दिया। इसके बाद सफाई करके चले गए।
कुछ देर बाद उनमें से एक युवक चार्जिंग के बहाने उनकी सीट पर आया और मोबाइल फोन चार्ज करने लगा। दूसरा युवक ऊपर वाली सीट पर बैठ गया जहां उन्होंने उनका बैग रखा था। करीब चार मिनट बाद वह नीचे उतरा और चला गया। शक होने पर बेटे ने बैग खोला तो उसमें पर्स नहीं मिला।
पर्स में लगभग 35 ग्राम वजन की चार सोने की चुड़िया, 30 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र, 30 ग्राम वजन का सोने का लोकेट, पांच ग्राम वजन का सोने का मांग टिक्का, 15 ग्राम वजन की पांच अंगूठी, 20 ग्राम वजन का सोने का कंगन, 100 ग्राम वजन का चांदी का बेल्ट और एसबीआई का क्रेडिट कार्ड था। पर्स में दस हजार रुपये नकदी भी थी।
जांच अधिकारी एएसआई गुरमेल ने बताया कि इस मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।