युवती के साथ फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने से आहत युवती ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। उचाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
उचाना मंडी पुलिस ने कहा कि 21 वर्षीय युवती ने वीरवार शाम जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिसकी उचाना के नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मृतका के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पड़ोसी का रिश्तेदार उनके घर आता-जाता था। युवक ने मेलजोल बढ़ाकर उसकी बहन का फोटो खींच लिया और उसे एडिट कर खुद के साथ फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जब उसकी बहन को अपनी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी मिली तो उसने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। जांच अधिकारी महाबीर ने कहा कि मरने वाली युवती के भाई की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।