जींद। घर बैठकर ऑनलाइन काम करने के टेलीग्राम पर भेजे गए संदेश के झांसे में आई हैबतपुर गांव की महिला से साइबर अपराधी ने 48 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में हैबतपुर गांव निवासी इशू रानी ने बताया कि वह बीए पास है। कुछ समय पहले वह आदित्य बिरला कैपिटल इंश्योरेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करती थी। अब वह घर पर रहती है। उसके मोबाइल पर कुछ दिन पहले टेलीग्राम पर संदेश आया कि उनकी कंपनी प्लैक्स स्ट्रीम ऑनलाइन काम करके रुपये कमाने का अवसर दे रही है। इसमें मूवी की रेटिंग देने का काम था। एक अगस्त को उसके टेलीग्राम पर एक लिंक भेजा गया। उससे उनकी आईडी बनाई गई। इस वॉलेट में टास्क से की गई कमाई शो होती थी। शुरुआत में उससे वॉलेट को रिचार्ज करने के लिए दस हजार रुपये डालने के लिए कहा गया। इस पर उसने रुपये डाल दिए। कुछ दिन बाद जब उसने वॉलेट में दिखाए गए रुपये को निकाला चाही, तो उनको बताया गया कि 20 लाख रुपये की कमाई होने पर ही रुपये निकल सकते हैं। इसके बाद उसने उनके अलग-अलग खाते में 48 लाख रुपये डाल दिए। जब उसने रुपये निकालने का प्रयास किया, तो नहीं निकले। साइबर थाना प्रभारी पीएसआई पूजा ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।