जींद। शहर की विश्वकर्मा कॉलोनी में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। मृतका के पति के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।
कोथ कलां निवासी सतरबेग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 35 वर्षीय बेटी पिंकी की शादी लगभग चार साल पहले काब्रच्छा हाल आबाद विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी रमेश के साथ की थी। इसके बाद उन्हें बाद में पता चला कि रमेश अवैध हथियार रखता है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
पिता का कहना है कि रमेश उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए तंग करता था। घर बनाने के लिए रमेश को एक लाख रुपये भी दिए थे लेकिन रमेश की दहेज के लिए मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। रमेश से तंग आकर उनकी बेटी ने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। उसको तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद जब वह अस्पताल में पहुंचा तो वहां रमेश और उसकी मौसी मौजूद थी लेकिन उनके आते ही रमेश मौके से भाग गया। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी रमेश के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।