जींद। जुलाना क्षेत्र के गांव लिजवाना खुर्द में एक साल पहले हुए अपहरण और हत्या के मामले में गवाही देने से रोकने के लिए एक गवाह को अगवा कर बेरहमी से पीटा। मारपीट में गवाह के बेहोश होने पर आरोपी उसे मरा हुआ समझकर सरकारी स्कूल के पास फेंककर भाग गए।
लिजवाना खुर्द निवासी आजाद सिंह ने एफआईआर में बताया कि करीब साल पहले फतेहगढ़ निवासी बंटू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके घर के पास से सुरेश का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी। वह इस मामले में गवाह हैं।
23 अगस्त रात करीब 11 बजे वह घूमकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बंटू ने उन्हें रोक लिया और कहा कि तूने सुरेश के अपहरण की घटना देखी थी और तुझे मुंह बंद रखने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद घटना की बात गांव में बता दी।
आरोप है कि आरोपी बंटू ने कहा कि अब उन्हें भी सुरेश वाली जगह भिजवा देंगे और उन पर डंडों से हमला कर दिया। उनके साथ मौजूद तीन-चार अन्य युवकों ने भी मारपीट की। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गए।
इसके बाद आरोपी उन्हें मरा समझकर सरकारी स्कूल के पास फेंककर भाग गए। थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि मामले में बंटू को नामजद कर तीन-चार अन्य के खिलाफ अपहरण कर मारपीट करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।