12जेएनडी16-हनुमान जयंती पर हुए कार्यक्रम में पूजा-अर्चना करते डिप्टी स्पीकर। संवाद
जींद। विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने कहा कि महावीर हनुमान की उपासना करने से व्यक्ति की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, साथ ही साधक को बल-बुद्धि वृद्धि का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है।
डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा शनिवार को हनुमान जयंती पर स्थानीय हनुमान मंदिर, सेठों वाली धर्मशाला, रामलीला मैदान सहित अन्य स्थानों पर क्षेत्र वासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भक्ति, साहस और निस्वार्थ सेवा के प्रतीक भगवान हनुमान सदियों से पूजनीय हैं। भगवान राम के प्रति उनका अटूट समर्पण और विपरीत परिस्थितियों में भी उनका अटूट विश्वास उन्हें शक्ति और लचीलेपन का एक प्रतिष्ठित प्रतीक बनाता है। अपनी उल्लेखनीय यात्रा के माध्यम से, भगवान हनुमान दृढ़ता, निष्ठा और मानवीय भावना की शक्ति पर मूल्यवान सबक देते हैं। उनके जीवन से हमें सीख लेनी चाहिए।
प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को देंगे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सौगात
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिसार में हवाई अड्डा का उद्घाटन करेंगे। प्रदेश की जनता को 14 अप्रैल को महाराजा अग्रसेन के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के रूप में नई सौगात मिलेगी। हवाई अड्डा के शुरू होने से प्रदेश के विकास में नए अध्याय की शुरुआत होगी। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के संचालन से हरियाणा में नई औद्योगिक क्रांति का सूत्रपात होगा हिसार के साथ-साथ सभी क्षेत्रों को इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री प्रदेशवासियों को इसी दिन यमुनानगर में नए पावर थर्मल प्लांट की आधारशिला रख हजारों करोड़ रुपये की सौगात भी देंगे। उन्होंने 14 अप्रैल को हिसार में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में क्षेत्र वासियों को हजारों की संख्या में पहुंचने का आह्वान भी किया।