04जेएनडी08: पत्रकार वार्ता कर अपने निजी सचिव मोहित शर्मा पर लगे आरोपों के बाद मुख्यमंत्री को लि
जींद। आरटीआई कार्यकर्ता भारत भूषण शर्मा ने हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा के निजी सचिव मोहित शर्मा पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप लगाया है। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपने निजी सचिव की संपत्ति की जांच करवाने की मांग की है। मिड्ढा ने इसकी जानकारी पत्रकार वार्ता कर दी।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि जिस दिन एजेंसी जांच शुरू करेगी उसी दिन वह अपने निजी सचिव को छुट्टी पर भेज देंगे ताकि जांच प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि वह अपने निजी सचिव मोहित से भी जांच में सहयोग करवाएंगे।
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है और मामले में जो भी दोषी पाया जाए उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि वह अपने निजी सचिव के प्रति अंधेरे में हो और जांच में सभी बातें सामने आ जाएंगी। अगर शिकायतकर्ता गलत निकलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
यह है मामला
जींद के भारत भूषण शर्मा ने पिछले दिनों राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, राज्य विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो, हरियाणा के विधानसभा सचिव को पत्र लिखकर कहा था कि मोहित शर्मा पिछले 15 सालों से भ्रष्टाचार कर अपनी जेब भर रहा है। मोहित शर्मा ने अपने, परिवार और रिश्तेदारों के नाम से हांसी, अंबाला, जीरकपुर और पाली में बेनामी संपत्ति अर्जित की है। जींद नगर परिषद के 90 प्रतिशत ठेके अपने ही एक नजदीकी व्यक्ति को दिलाता है और उसकी एवज में मोटी रकम वसूलता है। शिकायत में कहा गया है कि मोहित शर्मा की पत्नी सरकारी पद पर कार्यरत हैं। वह घर बैठे वेतन ले रही हैं। इसकी भी जांच होनी चाहिए।