सफीदों सब्जी मंडी गेट पर धरने पर बैठे नगर पार्षद गौरव रोहिल्ला और दुकानदार। संवाद
- फोटो : Jind
मार्केट कमेटी सफीदों द्वारा मंगलवार को सब्जी मंडी से रेहड़ियों को हटवाने का फरमान जारी किया गया तो इसके विरोध में रेहड़ी वालों के अलावा दुकानदारों ने धरना प्रदर्शन कर मंडी के गेट पर ताला लगा दिया। इसके विरोध में मंगलवार को सुबह ही सभी दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर मंडी के गेट पर बैठ गए थे।
दुकानदार सतीश, राजेश, सोनू व रामफल ने कहा कि मार्केट कमेटी सफीदों के दुकानदारों को अवैध कब्जे हटवाने के नाम पर बर्बाद करने पर तुली हुई है। इस मंडी में पिछले 50 वर्षों से सैकड़ों दुकानदार सब्जी बेचकर अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। इस सब्जी मंडी के साथ सफीदों के किराना, कपड़ा, स्टेशनरी व अन्य दुकानदारों का धंधा जुड़ा हुआ है। हर रोज सुबह गांव व शहर से छोटे दुकानदार सब्जी लेने के लिए इस मंडी में आते हैं। उन्होंने कहा कि यहां के मजदूरों तथा रेहड़ीवालों को परेशान करने के लिए अवैध कब्जे करने का आरोप लगाया जा रहा है। दोपहर बाद मार्केट कमेटी सचिव अनिल दीक्षित ने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि इस मामले में उच्च अधिकारियों से बातचीत कर कमेटी का गठन किया जाएगा। गठित कमेटी जो निर्णय देगी। उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मार्केट कमेटी सचिव ने सब्जी मंडी के बूथ मालिकों, दुकानदारों, रेहड़ी वालों एवं मासाखोरों को नोटिस जारी करके कहा था कि सब्जी मंडी सफीदों में किए गए कब्जों को शीघ्र हटवाया जाए। उन्होंने पहले भी कई बार नोटिस जारी किए हैं। लेकिन किसी ने भी अपने नाजायज कब्जे आज तक नहीं हटाए। वह अपने कब्जे स्वयं हटाने के लिए कहा था। सोमवार शाम को मार्केट कमेटी की तरफ से सब्जी मंडी में कब्जे हटवाने की मुनादी करवाई गई थी।
बार-बार आ रही अवैध कब्जे की शिकायत
इस मामले में मार्केट कमेटी सचिव अनिल दीक्षित ने कहा कि सब्जी में अवैध कब्जों की बार-बार शिकायत आ रही थी। शिकायतों पर ही कार्रवाई की जा रही है। मार्केट कमेटी किसी का नुकसान करने के लिए आमादा नहीं है। उनकी अधिकारियों से इस मामले में बातचीत हुई है। इस संबंध में जल्द ही एक कमेटी का गठन किया जाएगा।