20जेएनडी09-जुलाना की अनाजमंडी में लगे गेहूं के ढेर। संवाद
- फोटो : mathura
जुलाना। कस्बे की नई अनाज मंडी में गेहूं की आवक तेजी से हो रही है। मंडी में अब तक 70 लाख 486 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। मंडी गेहूं से पूरी तरह अट चुकी है। मंडी में गेहूं की आवक तेजी से हो रही है, लेकिन उठान का काम धीमी गति से हो रहा है। लाखों क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है। अगर बरसात आती है तो किसानों और आढ़तियों की परेशानियां जरूर बढ़ेगी।
जुलाना मंडी के अंतर्गत आने वाले खरीद केंद्र शामलो कलां में अब तक 9103 क्विंटल तो फतेहगढ़ खरीद केंद्र पर 2646 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। मंडी से अब तक तीन लाख छह हजार क्विंटल गेहूं का उठान नहीं हो पाया है। आने वाले दिनों में गेहूं की आवक और भी बढ़ेगी। मंडी में उठान नहीं होने के कारण जगह-जगह जाम लग गए हैं। मंडी में दो एजेंसियां खरीद कर रहीं हैं। खाद्य व आपूर्ति विभाग के पास तो बारदाना आ गया, लेकिन वेयरहाउस का बारदाना खत्म हो चुका है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मंडी में बारदाना पहुंच जाएगा।
मंडी में किसानों के फसल बेचने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंडी में सफाई, बिजली और पानी के सभी प्रबंध प्रशासन की ओर से किए गए हैं मंडी में किसानों को फसल बेचने में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
-कोमिला, मंडी सचिव जुलाना।