संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। राष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने नई अनाज मंडी स्थित धर्मशाला (रोहतक रोड) में आयोजित कार्यक्रम में राम मंदिर आंदोलन के बाद हिंदू समाज की भूमिका और भविष्य की दिशा को लेकर विचार रखे। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के साथ लंबा आंदोलन पूरा हुआ है लेकिन इसके बाद हिंदू समाज के सामने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, किसान हित और सामाजिक सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दे खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य “सुरक्षित, समृद्ध और सम्मानित हिंदू समाज” का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन गांव-गांव तक सामाजिक सहयोग की व्यवस्था खड़ी करेगा।
सस्ती शिक्षा, रोजगार, फसलों के उचित दाम, महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता पर रखा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कोई भी हिंदू भूखा न रहे। इसके लिए सामाजिक स्तर पर सहयोग तंत्र विकसित किया जाएगा। तोगड़िया ने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की आवश्यकता है। इस विषय पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। जनसंख्या संतुलन सामाजिक और आर्थिक स्थिरता से जुड़ा विषय है।
अंत में प्रवीण तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठन से जुड़ने की अपील की। कहा कि आने वाले समय में हिंदू समाज से जुड़े सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक मुद्दों को राजनीतिक स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित किए जाएंगे
कार्यक्रम में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। नियमित सामूहिक पाठ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इसे सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना से जोड़कर देखा।