09जेएनडी06-दबलैन गांव के जल घर दबलैन में बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करते हुए जन स
नरवाना। गांव दबलैन में हर घर तक साफ, स्वच्छ और पर्याप्त मात्रा में पेयजल पहुंचाने के लिए विभाग की ओर से करीब एक करोड़ की लागत से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इसका कार्य सितंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंडल नरवाना के कार्यकारी अभियंता गुरमीत सिंह ने जलघर दबलैन में बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण भी किया।
गुरमीत सिंह ने कहा कि बहुत जल्द ही दबलैन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा और गांव को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। विभाग का प्रयास हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का है। इसके लिए उपभोक्ताओं की आवश्यकतानुसार गांव की जरूरत के मुताबिक सभी गांव में पाइपलाइन, बूस्टर, ट्यूबवेल और जलघर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए समय-समय पर ग्राम पंचायत, ग्राम जल और सीवरेज समिति से संपर्क करके उनकी डिमांड ली जा रही है।
नरवाना, उझाना व उचाना के हर घर तक जल पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा कई प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं। उन्होंने उपमंडल अभियंता कुलदीप कोहाड़ और कनिष्ठ अभियंता तरसेम सिंह को ट्रीटमेंट प्लांट से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्लांट के कार्य को शीघ्र पूरा करें। उपमंडल अभियंता कुलदीप कोहाड़ ने जल घर में कार्यरत कर्मचारियों को ड्यूटी से संबंधित निर्देश देते हुए कहा कि दबलैन में पानी की सप्लाई समय पर होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत कनिष्ठ अभियंता से बात करके उसका समाधान करवाना है। इस मौके पर कनिष्ठ अभियंता मंजीत काला और बीआरसी सुरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
जल संरक्षण के लिए टीम प्रत्येक गांव में चला रही अभियान
जिला सलाहकार रणधीर मताना ने कहा कि नरवाना, उझाना व उचाना के सभी गांव में जल संरक्षण अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की संयुक्त टीम गांव में प्रत्येक घर का सर्वे करके पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। इसके लिए जिन घरों में एक से अधिक कनेक्शन लिए गए हैं, आधा इंच से बडे़ कनेक्शन लगाए गए हैं या खेती और सब्जी के लिए अवैध कनेक्शन लिए गए हैं, उन्हें नोटिस देकर उन पर कार्रवाई की जा रही है।