जींद। सरकार की ओर से सोमवार से 35 पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी गई है, लेकिन इसमें से जींद से गुजरने वाली एक भी पैसेंजर ट्रेन का परिचालन नहीं होगा। जिलावासियों को पैंसेजर ट्रेन के लिए अभी और इंतजार करना होगा। हालांकि सोमवार से इंदौर-उधमपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन होगा, जिसका जींद में ठहराव होगा। इससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिलेगी।
कोरोना काल से पहले जींद जंक्शन पर लगभग 60 एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता था। पैंसेजर ट्रेन में रोहतक रूट पर चार, कुरुक्षेत्र रूट पर चार, पानीपत रूट पर तीन, सोनीपत रूट पर तीन, रेवाड़ी रूट पर एक सहित अन्य ट्रेन चलती थी। पैसेंजर ट्रेन में लगभग दस हजार दैनिक यात्री और विद्यार्थी रोहतक, कुरुक्षेत्र व दिल्ली जाते थे। पिछले 11 महीने से पैसेंजर ट्रेन बंद होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दैनिक यात्री वेलफेयर एसोसिएशन जीएम को सौंपेंगी ज्ञापन
दैनिक यात्री वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुरेश पांचाल, सचिव सुरेंद्र व कैशियर विनोद गर्ग ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौरान से पिछले 11 महीने से पैसेंजर ट्रेन नहीं चली हैं। इससे चलते जिला के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। 24 फरवरी को जीएम आशुतोष जींद जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरे का उद्घाटन करने आएंगे। एसोसिएशन इस दौरान पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग के लिए ज्ञापन सौंपेंगी।
सोमवार से चलने वाली 35 पैसेंजर ट्रेन में किसी भी ट्रेन का ठहराव जींद जंक्शन पर नहीं हैं। अभी यात्रियों को पैसेंजर ट्रेन के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। जैसे ही कोई पैसेंजर ट्रेन चलाने या किसी अन्य ट्रेन का जींद जंक्शन पर ठहराव के लिए उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलेंगे तो यात्रियों को उस हिसाब से सुविधा दी जाएगी। - जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक जींद जंक्शन