जींद। करीब चार महीने से नगर परिषद में चल रही खींचतान के बीच शुक्रवार को होने वाली अविश्वास प्रस्ताव की बैठक स्थगित हो गई है। बैठक स्थगित होने का कारण सीईओ की तबीयत खराब होना बताया गया है। इस बारे में सभी पार्षदों को फोन पर सूचना दे दी गई है। वहीं चेयरपर्सन का विरोध खेमा इसे अपनी जीत मान रहा है। चेयरपर्सन पूनम सैनी का कहना है कि मीटिंग रद्द होने से साफ है कि विरोधी पार्षदों के पास पर्याप्त संख्या नहीं है। अब बैठक की नई तारीख पर सभी की नजरें टिकी हैं।
अविश्वास प्रस्ताव पर शुक्रवार को सुबह 11 बजे डीसी कार्यालय स्थित सभागार में मतदान होना था। जहां एक ओर चेयरपर्सन पूनम सैनी के समर्थक पार्षद भारत भ्रमण पर गए हैं। वहीं विरोधी पार्षदों ने वीरवार को बैठक कर रणनीति बनाई थी। गौरतलब है कि 31 पार्षदों वाली जींद नगर परिषद के 21 सदस्यों ने 18 सितंबर को चेयरपर्सन पूनम सैनी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के शपथ पत्र डीसी डॉ. आदित्य दहिया को दिए थे। इसके बाद दो पार्षद चेयरपर्सन के पक्ष में लौट आए। हालांकि विरोधी पार्षदों को चेयरपर्सन पूनम सैनी को कुर्सी से हटाने के लिए 21 सदस्यों का समर्थन चाहिए, लेकिन फिलहाल उनके पास 19 सदस्य बचे हैं।
अविश्वास प्रस्ताव देने वाले साबित करें
अविश्वास का प्रस्ताव विरोधी पार्षदों ने दिया है। अब अधिकारी के बीमार होने की बात कह कर बैठक स्थगित की जा रही है। इससे साफ है कि विरोधियों के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है। अब सिर्फ तिकड़मबाजी की जा रही है। इसमें कभी सफल नहीं होंगे। मेरे पास नगर परिषद से फोन आया है कि शुक्रवार को होने वाली मीटिंग स्थगित हो गई है।
पूनम सैनी, चेयरपर्सन, जींद नगरपरिषद।
भेदभाव व उपेक्षा के खिलाफ हैं पार्षद
चेयरपर्सन द्वारा की गई उपेक्षा व भेदभाव के आधार पर ही अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। सभी पार्षद इसके खिलाफ हैं। ऐसे में हर हालत में चेयरपर्सन के खिलाफ अश्विास प्रस्ताव पास होगा। वीरवार को कुछ पार्षद सामान्यतौर पर ही मिले हैं। मीटिंग स्थगित होने से और तैयारी का मौका मिलेगा और हर हाल में चेयरपर्सन को कुर्सी से हटाया जाएगा। मीटिंग स्थगित होने की सूचना मिल चुकी है।
सुभाष जांगड़ा, उप प्रधान जींद नगरपरिषद।
सीईओ पहले बोले मीटिंग होगी, बाद में पार्षदों को भेजा संदेश
मीटिंग की तैयारियों को लेकर अमर उजाला की ओर से 04:47 बजे जिला परिषद के सीईओ दलबीर सिंह से बात की गई। उस समय उन्होंने मीटिंग की तैयारी होने की बात कही, लेकिन इसके करीब आधे घंटे बाद ही पार्षदों को फोन कर नगर परिषद द्वारा सूचना दी गई कि सीईओ बीमार हो गए हैं और मीटिंग स्थगित हो गई है।