नरवाना। एक युवक ने धर्मसिंह कॉलोनी निवासी एक मानसिक रूप से परेशान महिला की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसमें आरोप लगाया गया कि उसका बेटा उसके साथ मारपीट करता है। बेटे ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धर्म सिंह कॉलोनी निवासी मक्खन ने शहर थाना पुलिस को शिकायत में कहा कि एक युवक ने उसकी मां की गलत तरीके से वीडियो बनाकर डाल दी। इसमें उसे बदनाम कर दिया। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान हैं। मक्खन ने कहा कि उसकी मां पिछले डेढ़ साल से मानसिक रूप से परेशान हैं। इसकी जानकारी उनके पूरे परिवार व रिश्तेदारों को है। उनका आरोप है कि वीडियो बनाने वाले ने इस प्रकार उसे प्रचारित किया कि वह अपनी मां पर अत्याचार करता है। मक्खन ने कहा कि 17 मार्च को पुलिस भी उसके घर आई थी। पुलिस ने जांच की तो पाया कि उसकी मां मानसिक रूप से परेशान हैं। मक्खन ने कहा कि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। शहर थाना प्रभारी धर्मबीर ने कहा कि इस प्रकार की उनके पास कोई शिकायत नहीं आई। इस पर शिकायतकर्ता मक्खन ने कहा कि 20 मार्च को वह शहर थाना के मुंशी को अपनी शिकायत देकर आया है।