24जेएनडी17: विधानसभा में मुद्दे उठाती विनेश फोगाट। स्रोत: सोशल मीडिया
जुलाना। विधानसभा में जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने सोमवार को विधानसभा में गांव रामराय खेल स्टेडियम का मुद्दा उठाया। खेल मंत्री गौरव गौतम से स्विमिंग पूल को लेकर बहस हुई।
विनेश ने पूछा, क्या रामराय में स्विमिंग पूल के लिए दो एकड़ भूमि दान दी गई थी। क्या स्विमिंग पूल निर्माण का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि यदि नहीं तो उसके क्या कारण हैं।
इस पर मंत्री गौरव गौतम ने जवाब दिया कि पूल का निर्माण का प्रस्ताव नहीं है। रामराय गांव से 12 किलोमीटर दूर जींद में एकलव्य स्टेडियम है। यह व्यवहारिक नहीं है। विनेश ने कहा कि आप बताएं व्यवहारिक क्यों नहीं है। यहां रोज 250-300 बच्चे प्रैक्टिस करते हैं। बच्चे तालाब में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उन्हें एलर्जी हो रही है। मंत्री जी आप मेरे साथ चलें और एक बार तैर कर तालाब पार करें।
मंत्री को अस्पताल में भर्ती न होना पड़े तो मैं सदन को छोड़ कर चली जाऊंगी। इस पर स्पीकर ने टोकते हुए कहा कि विनेश, आप सिलेक्टेड बच्चों का प्रस्ताव लाएं उन पर विचार करेंगे।
विनेश ने कहा कि मंत्री न तो फोन उठाते हैं और न मिलते हैं। मंत्री गौतम ने कहा कि मेरे से हजारों लोग आकर मिलते हैं। इस पर विनेश ने कहा कि इन हजारों में मेरा नाम नहीं है।