जींद। अलेवा थाना क्षेत्र के गांव थुआ में गली में मिट्टी ठीक करने को लेकर हुए झगड़े में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थुआ निवासी रामनिवास ने एफआईआर में बताया कि 21 फरवरी को उनके मकान के सामने पानी सप्लाई की पाइप लगने से वहां मिट्टटी बिखर गई थी। इसके बाद वह मिट्टी को ठीक कर रहे थे। उसी दौरान पड़ोसी राममेहर के परिवार ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े की आवाज सुनकर उसकी पत्नी और बेटी बीच बचाव करने पहुंचे लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इसमें तीनों को काफी चोटें आईं। पुलिस ने मामले में राममेहर, प्रसन और राहुल के खिलाफ हमला करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संवाद