रामराय। रामराय से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित गांव बागनवाला में खेल सुविधाओं की कमी ग्रामीण युवाओं के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। गांव में न तो खेल मैदान है और न ही योगशाला। इसके चलते युवाओं को योग, व्यायाम और खेल गतिविधियों के लिए गांव से बाहर जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में खेल नर्सरी शुरू करने और खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सरपंच सुंदर पवार ने बताया कि गांव में खेल मैदान और योगशाला बनवाने की मांग को लेकर कई बार जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) को ज्ञापन सौंपा जा चुका है लेकिन विभाग और सरकार की ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं को खेल और योग के लिए शहर या अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता है जिससे समय और संसाधनों की परेशानी होती है।
कहा, वर्तमान में युवा योग और व्यायाम करने के लिए राजभाया और नहरों की पटरी तक जाने को मजबूर हैं। ब्लॉक समिति सदस्य रितु देवी और सरपंच सुंदर पवार ने कहा कि अब इस मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा ताकि जल्द खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
ग्रामीण युवाओं संजय, दिनेश, राजू, संदीप, राकेश, सुरेश, अमन, दीपक, जोगेंद्र, सोनू, प्रदीप, आकाश, सौरभ और सचिन ने प्रशासन से गांव में खेल मैदान और योगशाला का निर्माण जल्द करवाने की मांग की है। संवाद