फोटो 12 नरवाना। खिलाड़ियों से मिलकर शुभकामनाएं देते हुए क्लब प्रधान। स्रोत
नरवाना। 28 जुलाई से 8 अगस्त तक तमिलनाडु में आयोजित होने वाली जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के लिए हरियाणा की जूनियर हॉकी टीम रवाना हो गई। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया जिसमें फिटनेस, तकनीकी कौशल और सामरिक रणनीतियों पर गहन अभ्यास कराया गया।
टीम के रवाना होने से पहले आयोजित कार्यक्रम में हॉकी हरियाणा की ओर से क्लब के प्रधान भारत भूषण गुप्ता को हॉकी भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारत भूषण गुप्ता ने खिलाड़ियों की पीठ थपथपाकर उनका हौसला बढ़ाया और सभी को मिठाई खिलाकर हरियाणा का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अनुशासन, मेहनत और टीम भावना के साथ मैदान में उतरें, सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा टीम के साथ ओलंपियन प्रदीप मोर कोच के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। उनके अनुभव का लाभ टीम को मिलेगा।
हॉकी हरियाणा के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि टीम उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर प्रदेश के लिए पदक जीतकर लौटेगी।