14जेएनडी24-आईटीआई में टीमों की नियुक्ति करते प्रधानाचार्य नरेश कुमार। स्रोत संस्थान
जींद। प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय में 27 और 28 अक्तूबर को युवा महोत्सव का आयोजन होगा। इनमें विजेता प्रतिभागियों को 11 हजार से 31 हजार तक के नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर गांव-गांव जाकर युवाओं से आवेदन किए जाएंगे।
आईटीआई प्रधानाचार्य नरेश कुमार पांचाल ने बताया कि सरकार की ओर से प्रदेश में लोक कला, लोक नृत्य, लोक संगीत और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य युवाओं को हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। इच्छुक युवा इस कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं। ब्लॉक व गांव स्तर की कोई भी टीम पंजीकरण करवाने के लिए आईटीआई जींद में सीधे आकर आवेदन जमा कर सकती है।
उन्होंने आगे बताया कि युवा महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए व उनके पास परिवार पहचान पत्र का होना अनिवार्य है। पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण रूप से निशुल्क रखी गई है ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें भाग ले सकें। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि अनपढ़ या गैर-औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवा भी हिस्सा ले सकते हैं। उनका यह सुनिश्चित करना है कि समाज का हर वर्ग इस सांस्कृतिक उत्सव में अपनी भागीदारी निभा सके।
उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव न केवल कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी सुदृढ़ करेगा।