31जेएनडी31: हमले में तोड़ी गई कार। संवाद
सफीदों। नगर के रेलवे रोड पर अज्ञात युवकों ने एक लैबोरेट्री पर हमला बोल दिया। हमले में युवकों ने लैबोरेट्री संचालक सुभाष शर्मा की गाड़ी व लैबोरट्री के शीशों को डंडे-बिडों से तहस-नहस कर दिया। हमले में लैबोरेट्री संचालक बाल-बाल बच गया।
बाजार में हड़कंप मच गया और दुकानदार दहशत में आ गए। घटना को अंजाम देकर युवक नहर पुल की तरफ भाग गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी को खंगाल रही थी।
नगर के रेलवे रोड पर शर्मा क्लीनिक व लैबोरेट्री का मालिक सुभाष शर्मा अपने परिजनों के साथ लैबोरेट्री के अंदर बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक डंडे-बिंडों से लैस होकर आए। उन युवकों ने आते ही पहले तो ताबड़तोड़ लैबोरेट्री के बाहर खड़ी गाड़ी पर हमला करके उसे तोड़ दिया। उसके तुरंत बाद उन्होंने लैबोरेट्री पर हमला कर दिया। युवकों ने लैबोरेट्री में लगे सभी शीशों व अन्य सामान को डंडे-बिंडों से तोड़ दिया। लैबोरेट्री में बैठे सुभाष शर्मा व अन्य लोगों ने दुकान के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देकर हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। जब आसपास के दुकानदार बाहर आए तो वे युवक काफी दूर जा चुके थे।
सफीदों पुलिस ने लैबोरेट्री संचालक से सारा घटनाक्रम को जाना। उसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फूटेज को खंगालना शुरू किया। पीड़ित लैबोरेट्री संचालक सुभाष शर्मा व आसपास के दुकानदारों ने कहा कि घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल है और वे अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
31जेएनडी31: हमले में तोड़ी गई कार। संवाद