जींद। पुलिस ने शहर के सिंहमार मोहल्ला में पशुबाड़े से 11 बोतल शराब और 100 लीटर लाहन बरामद की है। पुलिस ने मौके से सिंहमार मोहल्ला निवासी महिपाल और मोर पत्ती निवासी सुभाष को काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
प्रभारी उपनिरीक्षक आत्माराम ने बताया कि शनिवार को टीम उप निरीक्षक बलवान सिंह के नेतृत्व में अपोलो चौक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिंहमार मोहल्ला निवासी महिपाल पशुओं के बाड़े में अवैध रूप से शराब निकाल रहा है और वहां भारी मात्रा में शराब और लाहन रखा है।
इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। देखा कि भट्ठी पर अवैध शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।