जींद। दिल्ली-बठिंडा मार्ग पर जींद से होते हुए उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ के बीच 25 सितंबर से सीधी ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में दो बार बुधवार और शनिवार को चलेगी। रेल मंत्रालय ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। इसका जींद रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा। उदयपुर से चंडीगढ़ जाते समय सुबह 05:08 और चंडीगढ़ से उदयपुर सिटी जाते समय 15:18 पर जींद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकेगी।
गाड़ी संख्या 20989 उदयपुर सिटी-चंडीगढ द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस नई रेल सेवा 27 सितंबर से उदयपुर सिटी से प्रत्येक बुधवार और शनिवार को जयपुर स्टेशन पर रात 11:00 बजे आगमन और 11:10 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 9:50 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20990, चंडीगढ़-उदयपुर सिटी द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस नई रेल सेवा 28 सितंबर से चंडीगढ़ से प्रत्येक वीरवार और रविवार को 11:20 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर रात 9:15 बजे आगमन व 9:25 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 5:25 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
यह गाड़ी राणा प्रतापनगर, मावली, कपासन, चंदेरिया, भीलवाड़ा, बिजयनगर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर, जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, रेवाडी, झज्जर, रोहतक, जींद, नरवाना, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला कैंट स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस गाड़ी में दो सेकेंड एसी, छह थर्ड एसी, दो थर्ड एसी इकोनोमी, छह द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी, एक पॉवर कार और एक गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।
वर्जन
उदयपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के 25 सितंबर से चलने की सूचना है। शेडयूल जारी कर दिया है। इस गाड़ी से मेहंदीपुर, बालाजी जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। -जयप्रकाश, यातायात निरीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद