उचाना विधानसभा में विकास की कोई भी परियोजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। इसके विरोध में उचाना विकास संघर्ष समिति पोल खोल अभियान चलाएगी। इस दौरान विधानसभा के सभी गांवों में जाकर सरकार की आमजन विरोधी नीतियों के प्रति जागरूक करेगी। यह बात उचाना विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनुराग खटकड़ ने कही।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के एक राजनीतिक घराने व बाहर से आए हुए नेताओं ने उचाना की जनता को झूठे वायदों गुमराह किया है। अब उचाना में लोगों को अन्य विकल्प का इंतजार है। उचाना में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। रोजगार नहीं मिलने से हजारों युवा बुरी आदतों के शिकार हो चुके हैं, पंचायती राज घोटाले का सबसे बड़ा अड्डा बना हुआ है। किसान डीएपी खाद की मांग को लेकर चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाद की जमकर कालाबाजारी की जा रही है जिस पर कोई रोक नहीं है।