गांव ईगराह के पास बुधवार सुबह लगभग नौ बजे दो कारों की हुई टक्कर में एक कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। नारनौंद थाना पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतकों की पहचान हिसाल जिले के खांडाखेड़ी गांव निवासी जगपाल (34) और खुशीराम (23) के रूप में हुई है।
गांव खांडाखेड़ी निवासी जगपाल, सचिन, जगबीर व खुशीराम कार में सवार होकर बुधवार सुबह जींद आ रहे थे। यह लोग पिछले छह साल से श्रम कल्याण बोर्ड जींद में आउटसोर्स पॉलिसी के तहत कार्यरत हैं। कार को खुशीराम खुद चला रहा था। गांव से निकलने के बाद जब ईगराह गांव के पास पहुंचे तो जींद की तरफ से एक जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद उनकी कार सड़क के किनारे खेत में जा गिरी। चारों युवक कार में फंस गए। आसपास काम कर रहे लोगों व वाहन चालकों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को कार से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जगपाल और खुशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन व जगबीर की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। टक्कर मारने के बाद दूसरी कार का चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
जींद पहुंचे जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों का नागरिक अस्पताल जींद में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं। फिलहाल खांडाखेड़ी गांव निवासी अंकित के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल नारनौंद थाने के अंतर्गत आता है, इसलिए कार्रवाई नारनौंद थाना पुलिस कर रही है।
खुशीराम का फाइल फोटो- फोटो : Jind
नागरिक अस्पताल में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे परिजन और ग्रामीण। संवाद- फोटो : Jind