संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। ऐंचरा खुर्द गांव में फौजी की पत्नी ने मायके में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मृतका के भाई के ब्यान पर ससुराल पक्ष के ससुर और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सफीदों पुलिस को दी शिकायत में गांव ऐंचरा खुर्द निवासी सतीश कुमार ने कहा कि उसकी बहन अनुदेवी की शादी झज्जर जिले के बेरी गांव निवासी आशीष के साथ छह माह पहले हुई थी। उसका जीजा आर्मी में नौकरी करता है। उसका जीजा एक माह पहले ही छुट्टी बिताकर गया था। आशीष के ड्यूटी पर जाने के बाद उसकी बहन अनुदेवी को उसकी सास और ससुर ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया। दहेज प्रताड़ना से तंग आकर अनु ने अपने मायके में आकर घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस मामले में सदर थाना सफीदों ने सास मीना देवी और ससुर राकेश को नामजद करते जांच शुरू की है।
उधर गांगोली गांव निवासी 21 वर्षीय महिला चंचल ने शुक्रवार देर रात घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दिए बयान में मृतका के मामा रोहतक जिले के छारा निवासी पप्पू ने बताया कि उसकी बहन की बेटी चंचल की शादी चार महीने पहले गांगोली गांव निवासी दीपक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग उसको दहेज के लिए प्रताड़ित करने लग गए थे। दहेज की मांग को लेकर कई बार चंचल के साथ मारपीट भी की गई। ससुराल पक्ष के लोगों की प्रताडना से परेशान होकर चंचल ने शुक्रवार को घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि पप्पू के बयान पर पति दीपक, सास, ससुर कर्ण सिंह और ननद ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।