फोटो 2 नरवाना। सीआईए पुलिस की गिरफ्त में नशा तस्कर। स्रोत पुलिस।
नरवाना। सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने 10.80 ग्राम हेरोइन के साथ चमेला कॉलोनी निवासी नेहा व हांसी की जगदीश कॉलोनी निवासी प्रदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक शमशेर सिंह के नेतृत्व में टीम अनाज मंडी नरवाना के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मसूदपुर निवासी प्रदीप, जो वर्तमान में जगदीश कॉलोनी हांसी में रह रहा है और नरवाना की चमेला कॉलोनी निवासी नेहा मोटरसाइकिल से मितासो स्कूल के पास हेरोइन की सप्लाई करने आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मितासो स्कूल के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद एक मोटरसाइकिल पर एक युवक व महिला वहां पर आए तो पुलिस ने दोनों को संदेह के आधार पर रुकवा लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 10.80 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हेरोइन कहां से लाते थे। किन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।