फोटो 29जेएनडी05-बुधवार सुबह उमस के चलते सुनसान नजर आ रहा हाइड्रोजन प्लांट रोड। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
जींद। जिले में बुधवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा। कई दिनों से बादल छा रहे हैं लेकिन बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस का असर लगातार बढ़ रहा है। दोपहर होते-होते धूप के तेवर और तीखे हो गए जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया।
अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से निकली तेज धूप का असर देर शाम तक बना रहा। गर्मी बढ़ने के साथ ही घरों और दुकानों में कूलर, पंखे और एयर कंडीशनर का इस्तेमाल बढ़ गया जिससे बिजली की खपत में भी इजाफा हुआ।
वहीं बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। इस समय धान, बाजरा और अन्य खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त बारिश जरूरी मानी जा रही है। बादल बनने के बावजूद बरसात नहीं होने से खेतों में नमी कम होने लगी है। सीमित सिंचाई संसाधन वाले किसानों को फसलों की चिंता बढ़ गई है।
पांडू-पिंडारा, मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश ने बताया कि फिलहाल बादल छाए रहने की संभावना है लेकिन सभी क्षेत्रों में बारिश होने की उम्मीद नहीं है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। किसानों को मौसम पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर फसलों की सिंचाई करने की सलाह दी गई है।