जींद। जिले में ऑनलाइन टास्क पूरा करने और ऑनलाइन प्रमोशन के काम के नाम पर साइबर ठगों ने दो लोगों से 3.22 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
दालमवाला गांव निवासी संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी रहेजा कॉरपोरेशन नामक कंपनी से टेलीग्राम पर बात हुई थी। उन्होंने सोशल प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन प्रमोशन का कार्य करने का ऑफर रखा था।
25 मई को अपने खाते से 10 हजार रुपये और उसके बाद 20 हजार, 26 मई को 50 हजार और एक लाख रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी। बाद में पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हो गई है। जांच अधिकारी एएसआई जगदीप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में नरवाना की छोटूराम कालोनी निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 मई को उसके व्हाट्सएप पर मैसेज आया। इसमें ऑनलाइन कमाई का झांसा दिया। उसे टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। उसने अलग-अलग दिनों में एक लाख 42 हजार 855 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने ग्रुप से ब्लॉक कर दिया। जांच अधिकारी एसआई बलवान ने बताया कि धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।