नगर परिषद की बदइंतजामी का खामियाजा हाउसिंग बोर्ड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। आलम यह है कि दो माह से कॉलोनी में न तो सब्जी वाला आ रहा है और न ही दूध वाला। ऐसे में लोगों की जिंदगी आफत में फंसी हुई है। दो माह से कैद की जिंदगी काट रहे लोग अब नगरपरिषद की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।
दरअसल करीब तीन महीने पहले नगर परिषद ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की रामा-कृष्णा मंदिर वाली गली के लिए टेंडर किए थे। इसके बाद ठेकेदार को काम अलाट हुआ और निर्माण के लिए यहां गली उखाड़ दी गई। इस बीच नगर परिषद के सामने गली के अतिक्रमण का मामला आ गया। इसके बाद नगर परिषद ने गली के निर्माण का काम बीच में ही छोड़ दिया। करीब एक महीने पहले यहां नगर परिषद का अमला जेसीबी लेकर आया और घरों के बाहर हुए अतिक्रमण को हटा दिया। इसके बाद से ही यह मलबा भी घरों के बाहर ही पड़ा है। इससे लोगों घरों में कैद हो कर रह गए हैं।
एक गली ने ही कसूर किया है क्या
गली के लोगों सीधे-सीधे नगर परिषद अधिकारियों पर गलत तरीके से कार्रवाई करने आरोप लगाया है। लोगों का कहना है पूरे शहर में अतिक्रमण है, लेकिन सिर्फ उनके ही मकान तोड़े गए हैं। लोगों का कहना है कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में ही हर घर के बाहर अतिक्रमण है। नगर परिषद ने एक माह में एक भी मकान का अतिक्रमण नहीं हटाया है।
मुख्य रास्ता हुआ बंद
इस गली में मलबा पड़ा होने के कारण बस स्टैंड का मुख्य रास्ता भी बंद हो गया है। गोहाना रोड पर वाहनों की भीड़ से बचने के लिए लोग कॉलोनी के अंदर से ही बस स्टैंड पर इसी रास्ते से जाते हैं। विशेषकर पैदल यात्री इसी रास्ते से चलते हैं। इनके लिए अब दिक्कत बनी हुई है।
मरीज को अस्पताल ले जाना मुश्किल
पड़ोस में मरीज है, उनको हर दूसरे-तीसरे दिन अस्पताल ले जाना पड़ता है। ऐसे में घर तक गाड़ी नहीं आती और पैदल चलने तक का रास्ता नहीं बचा है। ऐसे में उन्हें मेन रोड तक चारपाई पर ही लेकर जाना पड़ता है।
सतीश, निवासी
बच्चे नहीं जा पा रहे स्कूल
प्रशासन ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की इस गली के लोगों के साथ भेदभाव किया है। पिछले एक महीने से बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। घर बाहर तक वैन नहीं आ रही। हर चीज की परेशानी हो रही है।
सत्यवान, निवासी
अब उखड़ेंगी भ्रष्टाचार की परतें
जिस समय नगर परिषद ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अतिक्रमण हटाया, यहां के लोगों ने कुछ लोगों पर पैसे लेने का आरोप लगाया था। अब नगर परिषद ने यहां लोगों को नोटिस भेजकर 12 लोगों को इसके लिए चल रही जांच में शामिल होने को कहा है। इसके लिए वार्ड के पूर्व पार्षद श्याम लाल को भी जांच में बुलाया गया है।
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। अभी यह अभियान रुका नहीं है। हाउसिंग बोर्ड की इस गली का निर्माण जल्द कराया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।
सतीश गर्ग, एमई, नगर परिषद