मासूम भाइयों की मौत के बाद परिजनों को ढांढस बंधातीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : Jind
गांगोली गांव में सोमवार को घर के बाहर रखी पानी की टंकी में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। मरने वाले बच्चों में एक की उम्र चार साल और दूसरे की डेढ़ साल थी। घटना के समय बच्चों का पिता प्रवीण और दादा बलवान नंबरदार खेत में पशुओं के लिए तूड़ा लेने के लिए गए हुए थे। बच्चों की मां मंजू रसोई में काम कर रही थी। दोनों बच्चे पशुओं को पानी पिलाने के लिए रखी टंकी में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
खेत में काम करने के बाद बच्चों का पिता प्रवीण घर पहुंचा तो उसने देखा कि चार वर्षीय नक्ष और डेढ़ साल का दक्ष टंकी में डूबा है। परिजन दोनों बच्चों को टंकी से निकालकर पिल्लूखेड़ा और जींद के निजी अस्पताल लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों भाइयों का एक ही चिता पर दाह संस्कार किया गया।
गांव में इससे बड़ा दुख नहीं देखा
गांव के बुजुर्गों ने कहा कि गांव में हादसे तो इसे पहले भी बहुत देखे, लेकिन एक साथ इतने छोटे बच्चों की जान जाने की घटना पहली बार देखी है। इससे पूरे गांव में शोक की लहर है। बच्चों की मौत से घर का आंगन खाली हो चुका है।
सूना हो गया प्रवीण का आंगन
इस दुर्घटना ने प्रवीण व मंजू का आंगन सूना कर दिया है। बच्चों की मौत से मंजू ने आपा खो दिया है। गांव की महिलाएं मंजू को ढांढस बंधाने का प्रयास करती रहीं, लेकिन वह बच्चों के लिए दहाड़ मारकर रोती रही।
वह टब जिसमे डूबने से दोनों भाइयों की मौत हुई। संवाद- फोटो : Jind
नक्ष का फाइल फोटो।- फोटो : Jind