जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भाग लेते अधिकारी। संवाद
- फोटो : Jind
लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार दोपहर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें डीटीओ सत्यवान सिंह मान ने कहा कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सड़कों पर बने सभी अवैध कटों को तुरंत बंद करवाएं। सभी आवश्यक जगहों पर यातायात चिह्न लगवाना सुनिश्चित करें। बैठक में तय किया गया कि गोहाना रोड पर जिला जेल से लेकर पटियाला चौक तक सभी मुख्य कटों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी। इससे पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में सुविधा होगी।
उन्होंने सड़क सुरक्षा समिति के गैर सरकारी सदस्यों की मांग पर यातायात को सुगम बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए। जींद-कैथल सड़क पर यातायात पुलिस थाना के पास गड्ढे बने हुए हैं। इनको एक सप्ताह में भर दिया जाएगा। नरवाना-कैथल रोड पर कई अवैध कट हैं, जिसकी वजह से वाहन गलत दिशा से आ जाते हैं। इससे दुर्घटना होने का डर बना रहता है। इन अवैध कटों को बंद करवाया जाएगा।
उन्होंने संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को ईक्कस गांव में चौक पर लगाई जाने वाई रेहड़ियों और फड़ियों को हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क पर कोई सीवर का मैनहोल नहीं खुला होना चाहिए। जींद शहर में रोहतक-भिवानी रोड पर खुले मैनहोल को तुरंत बंद करवाएं, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने भी मैनहोल को बंद करवाने के लिए समय सीमा निर्धारित की है। इस कार्य में किसी प्रकार की देरी एवं लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नरवाना-टोहाना रोड पर गड्ढों को भी ठीक करवाया जाएगा। अमरहेड़ी- शाहपुर रोड पर गड्ढों को भरकर शीघ्र यातायात को सुगम बनाने के लिए कहा है। उन्होेंने बताया कि फरवरी में यातायात नियमोें का पालन नहीं करने पर 718 वाहनों के चालान काटे गए हैं।
बैठक में रजबाहा नंबर सात के पास बस स्टैंड चौक पर वाहनों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए किसी प्रकार की व्यवस्था करने के विकल्प ढूंढने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक माह में यह रिपोर्ट तैयार करें कि यहां रेड लाइट, अंडरपास या अन्य कौन सी व्यवस्था सही रहेगी। जींद-गोहना रोड पर जिन पेड़ों पर रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगाई गई है उन पर तुरंत लगाई जाए। बैठक में शहरी विकास प्राधिकरण के सचिव होशियार सिंह, रोडवेज जीएम बिजेंद्र सिंह, डीएसपी धर्मबीर सिंह व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सफीदों रोड के कटों का मुद्दा गूंजा
बैठक में सफीदों रोड के परशुराम चौक से दालमवाला अस्पताल तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पर 22 कट होने का मुद्दा उठाया गया। साथ ही परशुराम चौक से गोहाना रोड तक तीन कट के कारण वाहन गलत दिशा में चलने पर यहां दो और कट बनाने की मांग की गई। इस पर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों ने कमेटी बनाने की बात कही तो डीटीओ ने कहा कि वे दोनों मार्गों पर व्यावहारिक कटों की स्थिति लिखकर दें। उसी के अनुरूप कार्रवाई होगी।