जींद। गांव सिवाहा में 27 फरवरी को जजपा विधायक अमरजीत ढांडा को दादा खेड़े पर लगाए भंडारे में बुलाने को लेकर हुई तकरार के चलते बुधवार को दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें कुल सात लोग घायल हुए हैं। झगड़े में एक पक्ष द्वारा गोली भी चलाई गई, लेकिन गोली किसी को लगी नहीं। आरोप है कि विधायक का विरोध करने वाले पक्ष ने इस दौरान गोली चला दी और एक युवक के कान में गोली के छर्रे लगने से घायल हो गया। इसमें एक पक्ष के चार व दूसरे के तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया है।
पुलिस के अनुुसार गांव सिवाहा के निवर्तमान सरपंच वेदपाल भनवाला ने आरोप लगाया कि 27 फरवरी को गांव में दादा खेड़ा पर भंडारा व रागनी का कार्यक्रम कराया था। कार्यक्रम में जुलाना से जेजेपी विधायक अमरजीत ढांडा को बुलाया था। जब विधायक पहुंचे तो वहां रागनी प्रस्तुत कर रहे कलाकार ने उनका गुणगान शुरू कर दिया। भनवाला के अनुसार इसी दौरान गांव के सुनील, देवीलाल, धर्मबीर, सचिन,अनूप उर्फ काला ने विरोध किया। जब उन्होंने युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उस समय कहासुनी हो गई। उस समय तो लोगों ने बीच बचाव करके मामले को शांत कर दिया। बुधवार को उसके परिवार के अशोक, कुलविंद्र, राहुल पिल्लूखेड़ा स्थित उनकी आढ़ती की दुकान से गांव आ रहे थे। जब वह पिल्लूखेड़ा व सिवाहा की सीमा के पास पहुंचे तो वहां पर पहले से बैठे सुनील, देवीलाल, धर्मबीर, सचिन व अनूप उर्फ काला व रौनक ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके बाइक पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। जब गाड़ी की टक्कर लगने से गिर गए और उसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। बाद में झगड़े की सूचना पाकर सरपंच वेदपाल के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों गुटों में जमकर लाठी व डंडे चले। इस दौरान अनूप उर्फ काला ने पिस्तौल से उनकी तरफ गोली चला दी और गोली अशोक के पास से होते हुए निकल गई और गोली के छर्रें अशोक के कान में लगे। बाद में दोनों पक्षों के लोगों को कालवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालात को देखते हुए नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष सचिन ने आरोप लगाया कि सरपंच के परिवार ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया है।
---
दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज
पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी छत्रपाल ने बताया कि दोनों पक्षों के सात लोग नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं। दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इसमें एक पक्ष के चार तो दूसरे के तीन लोग घायल हैं। इसमें सरपंच पक्ष के लोगों पर फायरिंग की शिकायत है। घटनास्थल पर एसएफएल की टीम जांच कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, बाद में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने की कार्रवाई
दोनों पक्षों का झगड़ा कहां पर हुआ है। इसको लेकर भी पुलिस लगभग आधे घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। इसके बाद घायलों की निशानदेही पर सदर थाना पुलिस ने इस मामले को पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने पहुंचकर इस मामले में घायलों के बयान दर्ज कर कार्रवाई की।
घायल को अस्पताल ले जाते परिजन।- फोटो : Jind
नागरिक अस्पताल में पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस।- फोटो : Jind