जींद। बुढ़ाखेड़ा गांव के नजदीक से इको गाड़ी चोरी करने के दो आरोपियों को सदर थाना सफीदों पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान हिसार जिले के बिठमडा गांव निवासी अशोक उर्फ शोकी और उमरा गांव निवासी महेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हिसार जिले के सुल्तानपुर निवासी महिपाल ने सदर थाना पुलिस सफीदों को दी शिकायत में बताया था कि वह 12 अप्रैल की रात को हिसार बस अड्डे पर था। इस दौरान उसके पास उमरा गांव निवासी महेंद्र आया और कहा कि उसे गांव पाबड़ा से दो सवारी लेकर हिसार बस स्टैंड पर छोड़ना है। वह अपनी इको गाड़ी में गांव पाबड़ा के पवन और गांव बिठमड़ा के अशोक को लेकर बस अड्डा हांसी पर आ गया। वहां पर उसे महेंद्र भी मिल गया। उन्होंने उसकी गाड़ी केदारनाथ जाने के लिए बुक कर ली। सुबह लगभग छह बजे जब वह बुढ़ाखेड़ा पहुंचे तो चाय पीने के लिए रुक गए। इस दौरान तीनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान उनसे कुछ दूरी पर हटकर वह फोन पर बात करने लगा तो महेंद्र, अशोक व पवन उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस प्रवक्ता अमित खर्ब ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है। आरोपियों से गाड़ी बरामद कर ली गई है।