फोटो 19जेएनडी05-हेरोइन पकड़ने के मामले में प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए एसपी कुलदीप सिंह। स
जींद। सीआईए ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 700 ग्राम हेरोइन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 से 11 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसपी कुलदीप सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीआईए की टीम उपनिरीक्षक आनंद कुमार के नेतृत्व में मंगलवार रात उझाना बस अड्डे के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव पिपलथा निवासी बलजीत और लवप्रीत नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में उझाना-पीपलथा रोड स्थित धमतान साहिब माइनर पुल के पास खड़े हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक ट्रॉली बैग लेकर रजबहा के कच्चे रास्ते से गांव खरल की तरफ जाने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बलजीत और लवप्रीत निवासी पिपलथा के रूप में हुई।
पुलिस ने ईटीओ राकेश डागर की मौजूदगी में दोनों के ट्रॉली बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 5 किलो 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पंजाब की तरफ से हेरोइन लेकर आए थे और इसकी सप्लाई जींद व आसपास के क्षेत्रों में की जानी थी।
वर्जन
गढ़ी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों को दस दिन के रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस का लक्ष्य नशे की सप्लाई चेन और पूरे ड्रग कार्टेल तक पहुंचना है। इसके लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
-कुलदीप सिंह, एसपी जींद