पत्रकारों से बातचीत करते सीआईए प्रभारी अब्बास खान व पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी। संवाद
- फोटो : Jind
सीआईए सफीदों टीम ने मोबाइल छीनने वाले दो युवकों को काबू करने में सफलता हासिल की है। इनके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन व एक बाइक बरामद की है। दोनों ने पुलिस के सामने पांच वारदात असंध में, पांच वारदात सफीदों में तथा दो वारदात पानीपत में करनी स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें जेल भेजने के निर्देश दिए।
सीआईए प्रभारी अब्बास खान ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि खानसर चौक पर आइसक्रीम की रेहड़ी लगाने वाले राजस्थान के जिला भीलवाड़ा के गांव गंगापुर आमली निवासी सुरेश ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 23 अगस्त शाम को करीब पांच बजे दो युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद सीआईए इस मामले की जांच में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस ने करनाल जिले के गांव अरड़ाना निवासी नवीन व सुरेश को काबू किया। आरोपियों ने मोबाइल छीनने की 12 वारदातों को कबूल किया। इनमें से पांच सफीदों में पांच असंध में तथा दो पानीपत में की गई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद की। इनका एक तीसरा साथी रवि भी है। पुलिस इसकी तलाश कर रही है। पुलिस इन मोबाइल मालिकों की तलाश करके उनको मोबाइल सौंप देगी। इसके अलावा सीआईए ने पानीपत व असंध पुलिस को दोनों के बारे में जानकारी दे दी है।
वीरान जगह पर मदद के बहाने रोकते थे लोगों को
अब्बास खान ने बताया कि दोनों देर शाम को वीरान जगह पर आने-जाने वाले लोगों को मदद के बहाने रोकते थे। एक लड़का बाइक को स्टार्ट खड़ी कर लेता था तथा दूसरा मोबाइल मिलाने के बहाने किसी राहगिर का मोबाइल ले लेता और बाइक पर दोनों फरार हो जाते। कोई व्यक्ति इसका विरोध करता तो उसके साथ मारपीट भी यह लोग करते थे।