जींद/उचाना/नरवाना/सफीदों। कृषि कानूनों के तहत जिला में खटकड़ व बद्दोवाल टोल पर चल रहे धरने पर मंगलवार को पगड़ी संभाल दिवस मनाया गया। किसानों ने कहा कि पगड़ी मान-सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में किसी भी सूरत में इस सम्मान को कम नहीं होने दिया जाएगा। जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे तब तक किसान की पगड़ी को आंच नहीं आने देंगे। वहीं बद्दोवाल टोल पर हमीरगढ़ गांव के ग्रामीणों ने देसी घी की जलेबी व हलवा बंटवाया।
खटकड़ टोल पर किसान नेता आजाद पालवां ने आह्वान किया कि किसान लंबे आंदोलन के लिए तैयार हैं। बुधवार को दमन विरोधी दिवस मनाया जाएगा और राष्ट्रपति के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पगड़ी संभाल दिवस की अध्यक्षता सरदार मलिक सिंह चीमा ने की। किसान नेता आजाद पालवां ने कहा कि अंग्रेजों के समय जो किसान आंदोलन सरदार अजीत सिंह ने किया था वह काफी लंबा चला था। किसान आंदोलन कितना ही लंबा चले इसको लेकर मन बना चुके हैं। इस मौके पर दलीप सिंह चीमा, फूल सिंह श्योकंद, बलविंद्र सिंह, दलविंद्र सिंह, सुभाषा गौत्तम, सतीश नंबरदार, राकेश खटकड़, राजा दरियावाला, विजय लाठर, बिजेंद्र सिंधु, दिलबाग, रामकुमार झांझ, जयप्रकाश, कमरजीत, अनीष, महीपाल, रोहताश नगूरां, कपूर सिंह, नफे सिंह ईगराह, पनमेश्वरी, कृष्णा, कमला जुलानी, गीता, बिमला, सुखदेई, रतनी, केलो, कैप्टन वेदप्रकाश व राजेंद्र बाबर मौजूद रहे।
महिलाओं की स्कूटी रैली अब 28 फरवरी को
बद्दोवाल टोल पर जारी किसान धरने किसान अलग-अलग रंगों की पगड़ी पहनकर धरने पर पहुंचे। इस दौरान महिलाओं की स्कूटी रैली निकाली जानी थी, लेकिन इसे 28 फरवरी तक स्थगित कर दिया गया। सुनील बद्दोवाल ने कहा कि 28 फरवरी को बद्दोवाल टोल से नरवाना शहर में स्कूटी रैली निकाली जाएगी। 26 फरवरी को युवा किसान दिवस मनाया जाएगा। किसानों ने कहा कि पगड़ी संभाल का नारा 1906 में भगतसिंह के चाचा सरदार अजीत सिंह ने दिया और अंग्रेजों के खिलाफ आवाज उठाई थी। किसान विक्रम ने कहा कि पगड़ी संभाल का नारा किसानों के लिए है। इसी नारे से अंग्रेजों को झुका दिया था।
दमन दिवस मनाने के लिए किसानों ने की पंचायत
कृषि कानूनों के विरोध में मंगलवार को हाट, हरिगढ़, ऐंचरा, सिवाना माल, रामनगर के लोगों की पंचायत हुई। पंचायत में बुधवार को खानसर चौक पर दमन दिवस मनाने का फैसला लिया गया। इसके बाद किसान यहां से प्रदर्शन करते हुए एसडीएम ऑफिस जाएंगे और उनको ज्ञापन देंगे। मजदूर यूनियन के नेता राधेश्याम ने कहा कि इसको लेकर विभिन्न गांवों में किसानों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि अधिक से अधिक लोगों को खानसर चौक पर इकट्ठा किया जा सके।
धरना स्थल पर महिलाओं में हलवा बांटतीं युवतियां। संवाद- फोटो : Jind
धरने में जलेबी बांटते हमीरगढ़ के किसान। संवाद।- फोटो : Jind
अलग-अलग रंग की पगड़ी पहन कर धरना स्थल पर पहुंचे किसान। संवाद- फोटो : Jind