संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। धड़ौली गांव में कई दिनों से 24 घंटे में करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति हो रही। वह लो वोल्टेज होने के कारण पंखे रंगते रहते हैं। इससे लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को जींद सफीदों मार्ग पर खेड़ी पॉवर हाउस के सामने दोपहर 12 बजे सड़क जाम कर दिया। सरपंच सुनील कुमार की अध्यक्षता में दो घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
ग्रामीणों का आरोप था कि चार मई के बाद गांव में खंभे टूटने के बाद बिजली की भारी समस्या बनी हुई है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन और रात बिजली नहीं होने से गर्मी के कारण गांव में हर व्यक्ति के लिए परेशानी बनी हुई है। पशुओं को पानी पिलाने और चारा काटने के लिए भी बिजली नहीं मिल रही।
ग्रामीण पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और सड़क पर जाम लगाकर अपनी नाराजगी जताई। बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने और कम वोल्टेज से पंखे, कूलर और अन्य घरेलू उपकरण ठीक ढंग से नहीं चल पा रहे। निगम ने दूसरी लाइन से जोड़कर वैकल्पिक व्यवस्था तो की थी लेकिन गांव का लोड ज्यादा होने के कारण दिन और रात में बार-बार बिजली कट लगने से सभी काम प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने भी शिकायत की कि लो वोल्टेज के कारण मोटरें ठीक से नहीं चल रही हैं जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद बिजली निगम के जेई सुशील मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
इस दौरान बिजली निगम के एक्सईएन ने फोन पर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान चार दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वह दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।