जींद। साइबर थाना क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी तरसेन उर्फ गोविंद वासी धारणा, जिला फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया है।
सफीदों निवासी विकास ने एफआईआर में बताया कि वह ड्रीम इलेवन पर क्रिकेट टीम बनाकर गेम खेलता था। पिछले दिनों उसके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने कॉल कर ड्रीम इलेवन कंपनी का कर्मचारी बताया। फिर टीम बनाकर अधिक मुनाफा करवाने का झांसा दिया गया जिसमें उन्होंने व्हाट्सएप पर फर्जी कार्यालय, टीम निर्माण और अन्य स्क्रीन शॉट भेजे। विभिन्न यूपीआई आईडी व बैंक खातों में 1.78 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
जब उन्होंने लगातार अन्य चार्ज के नाम पर पैसे मांगे जाने लगे तो उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। इस पर साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपी जसवंत वासी भरतपुर (राजस्थान) और राजकुमार उर्फ राज वासी फिरोजपुर (पजांब) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में आरोपी तरसेन उर्फ गोविंद का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी तरसेन उर्फ गोविंद को गिरफ्तार कर लिया। तरसेन की निशानदेही पर पांच हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।