नागरिक अस्पताल में घायल विशाल।
- फोटो : Jind
खोखरी गांव में ट्रॉली से सड़क पर गिर रहे गोबर को लेकर एतराज जताने पर कार सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को शहर के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। वारदाक की जानकारी मिलने पर सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और घायल के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव खोखरी निवासी विशाल शुक्रवार को कंडेला गांव की सीमा पर लगते अपने खेतों में गया हुआ था। जब वह घर लौट रहा था तो कंडेला की तरफ जाने वाले लिंक मार्ग पर एक ट्रॉली से गोबर सड़क पर गिर रहा था। विशाल ने ट्रैक्टर को रुकवाकर एतराज जताते हुए कह कि ट्रॉली में थोड़ा कम गोबर भर लेते तो सड़क खराब नहीं होती। यह बात कहकर विशाल थोड़ी दूर ही निकला था कि क्रेटा गाड़ी में सवार तीन युवक आए और उसमें से एक युवक ने गाड़ी से उतरकर विशाल पर तीन गोलियां दाग दीं। इसमें से एक गोली विशाल के पेट में गली। गोली चलने की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे और विशाल को अस्पताल में दाखिल करवाया। विशाल ने बताया कि उसको गोली गांव कंडेला के शराब ठेकेदार रविंद्र ने मारी है। उसने बताया कि रविंद्र के साथ पहले उसकी कोई रंजिश नहीं थी, लेकिन ट्राली से गोबर सड़क पर गिरने का विरोध किया तो उसको गोली मार दी। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि गोली मारने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापा मारा जा रहा है। युवक को पीजीआई रोहतक भेजा दिया गया है।
नागरिक अस्पताल में घायल विशाल।- फोटो : Jind