23जेएनडी01: आईटीआई में शहीदी दिवस पर मौजूद प्राचार्य और स्टाफ। संवाद
जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की वेदी पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करना और युवा पीढ़ी में देशभक्ति का संचार करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य नरेश कुमार पांचाल ने की।
समारोह का शुभारंभ वर्ग अनुदेशक मंगल सिंह द्वारा शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और रागनियों के माध्यम से समां बांध दिया। साथ ही देशभक्ति एवं शहीदों का बलिदान विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रशिक्षुओं ने विचार रखे। इसमें प्रथम अंजली, द्वितीय मंजू और तीसरे स्थान पर नेहा रहीं।
विजेताओं की पुरस्कार राशि दी गई। निर्णायक मंडल में केवल सिंह जुलानी, राजेश कुमार और रोहित शामिल रहे जबकि मंच संचालन सुरेंद्र रेढू ने किया। इस अवसर पर सुरेंद्र खटकड़, वीरेंद्र लोहान और छात्र मौजूद रहे।