जींद के गांव ईक्कस बाईपास पर सोमवार देर रात को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया है।
बुढ़ाबाबा बस्ती निवासी 24 वर्षीय चमन लाल, 23 वर्षीय सचिन तथा 24 वर्षीय विशाल सोमवार रात को किसी कार्य से ईक्कस गए हुए थे। रात को लगभग 11 बजे तीनों बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। भिवानी रोड-ईक्कस बाईपास पर बीड़ बड़ा वन के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।
इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार सुबह वहां से गुजरने वाले लोगों ने तीनाें को बाइक समेत वहां पड़े देखा। तीनों युवकों के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने चमनलाल तथा सचिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल की गंभीर हालत देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार
शहर थाना के जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हादसे में दो युवकों की मौत हुई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।