हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली
- फोटो : Jind
जींद। गोहाना रोड पर निडानी गांव के पास सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे पिकअप की टक्कर से ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। उन्हें शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने ढिगाना निवासी 32 वर्षीय संदीप को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वहीं शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में ढिगाना निवासी विक्रम ने बताया कि वह, मनफूल और संदीप सोमवार शाम को ट्रैक्टर-ट्राली से जींद मकान के लेंटर लगवाने के लिए जींद से सरिया लेकर लौट रहे थे। करीब साढ़े छह बजे निडानी बस अड्डे के नजदीक एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी चालक ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पलट गया और तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में विक्रम और मनफूल को मामूली चोटें आई जबकि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी हेड कांस्टेेबल मुनीष कुमार ने बताया कि लापरवाही से गाड़ी चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।