जींद। पीजी कोर्स की पहली मेरिट लिस्ट में जिन विद्यार्थियों के नाम आए हैं, वे सोमवार से कॉलेज परिसर में आकर फीस जमा करवा सकते हैं। फीस जमा करवाने की अंतिम तारीख 10 नवंबर है।
इसके बाद 12 नवंबर को बची हुई सीटों के लिए ओपन काउंसिलिंग होगी। बुधवार शाम को पीजी कोर्स में दाखिले को लेकर पहली मेरिट लिस्ट जारी हुई थी। वीरवार को दिवाली, शुक्रवार को विश्वकर्मा जयंती व शनिवार और रविवार की भी छुट्टी होने के चलते विद्यार्थी कॉलेज में फीस जमा नहीं करवा पाए थे। हालांकि विद्यार्थी अपनी फीस ऑनलाइन भी जमा करवा सकते हैं। ऐसे में जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आए हैं, उनमें लगभग 30 प्रतिशत ने फीस ऑनलाइन जमा करवाई है। राजकीय पीजी कॉलेज की प्राचार्य शीला दहिया ने कहा कि जो विद्यार्थी कॉलेज में आकर ऑफ लाइन फीस जमा करवाना चाहते हैं, वह सोमवार से कॉलेज में आ सकते हैं। 12 नवंबर को फिजिलक काउंसिलिंग होगी और उसी दिन मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। रात 12 बजे तक का समय फीस जमा करने का समय मिलेगा। इसके बाद भी अगर सीटें खाली रहती हैं तो 13 नवंबर को दोबारा से दाखिला पोर्टल खोला जाएगा। कॉलेज में लगभग 50 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं।