जींद। जिला बार एसोसिएशन ने डीएसपी गीतिका जाखड़ के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करने और जींद से उनका तबादला करने की मांग को लेकर वीरवार को पंचकूला में सीएम नायब सिंह सैनी से मुलाकात की थी। वहां से लौटे बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर एक दिन का समय दिया था। इसके तहत अगर शुक्रवार तक डीएसपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह दोबारा सीएम को फोन कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
डीएसपी के खिलाफ बार एसोसिएशन मंगलवार से धरने पर है। इसके चलते अदालतों का काम पूरी तरह से ठप हो गया है। रोजाना 1500 मामलों की सुनवाई व तारीखें लगती थीं, लेकिन अब यह पूरी तरह से बंद है। इस मामले में जिला बार एसोसिएशन के समर्थन में प्रदेश की सभी बार वीरवार को हड़ताल पर रहीं। सीएम से मुलाकात के बाद वकीलों को एक दिन का समय दिया था, लेकिन शुक्रवार को दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनी। इसके चलते शनिवार को पूरे प्रदेश की 62 बार एसोसिएशन के प्रधान व सेक्रेटरी शहर के एक होटल में बैठक कर आगामी रणनीति तय करेंगे।