नरवाना। नरवाना हलके के तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन मंगलवार को इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने 25 सितंबर को रोहतक में मनाए जा रहे ताऊ देवीलाल के सम्मान समारोह के लिए रैली में आने का लोगों को न्योता दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज गरीब और बेरोजगारी की दर बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि जब ताऊ देवीलाल पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तब उन्होंने लोगों की भलाई के लिए कार्य करते हुए सबसे पहले साइकिल, रेडियो, टेलिवीजन, तंबाकू व ट्रैक्टर पर लगे टैक्स को समाप्त किया। जच्चा-बच्चा की रखवाली के लिए सांजना ओर पंजीरी के लिए 500 रुपये की स्कीम चलाई गई।
गांव-गांव में सभी जातियों की चौपाल, सड़कों का निर्माण, बाहर जाकर पढऩे वाले विद्यार्थियों के लिए बस पास की सुविधा, गलियों को पक्का करने और काम के बदले अनाज की स्कीम चलाई गई। जबकि पिछली कांग्रेस सरकार और आज वर्तमान में भाजपा सरकार के राज में अनगिनत लोगों के बीपीएल राशन कार्ड काटे जा रहें हैं।
वहीं प्रदेश में भाजपा की सरकार आने पर स्वामीनाथन की रिपोर्ट को लागू करने की बात कहते थे जो आज तक लागू नहीं हो पाई। वहीं एमएसपी की रिपोर्ट लागू करने की बात पर भी सरकार आज तक खरी नहीं उतरी। इस अवसर पर प्रदीप नैन, छबील दास, सुदेश कंडेला, मुकेश देवी, पवन सुलहेड़ा, सौरभ, आर्यन बेनीवाल, रमेश नैन, सतीश, राजबीर गोयत, राजीव चोपड़ा, प्रो. दयानंद, मास्टर कर्मबीर, सरपंच मुखत्यार सिंह व सेवा सिंह ढांडा भी मौजूद रहे। संवाद