जींद। पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए पाठ्य पुस्तकों की छपाई का कार्य शुरू किया जाना है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालय मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि वह 15 नवंबर तक अपने-अपने विद्यालय की कक्षा व विषयवार छात्र संख्या विभाग के एमआइएस पोर्टल पर अपडेट करना सुनिश्चित करें।
विभाग ने कहा है कि अगर किसी विद्यालय द्वारा एमआइएस पोर्टल पर छात्र संख्या सही नहीं भरने के कारण पाठ्य पुस्तकें कम या ज्यादा पहुंचती हैं तो इसके लिए संबंधित विद्यालय स्वयं जिम्मेदार होगा। जिले में पहली से आठवीं कक्षा के 500 से ज्यादा राजकीय स्कूल हैं, जिनमें 70 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। शिक्षा विभाग द्वारा पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त किताबें उपलब्ध करवाई जाती हैं। कोरोना संक्रमण के चलते सत्र 2020-21 व सत्र 2021-22 के लिए विद्यार्थियों को नई मुफ्त पुस्तकें नहीं मिली थीं। विद्यार्थियों को पुरानी किताबों से ही काम चलाना पड़ रहा था। वहीं सत्र 2022-23 में भी आधा सत्र बीत जाने के बाद किताबें उपलब्ध हो पाई। ऐसे में नए सत्र 2023-24 में विद्यार्थियों को किताबों के लिए परेशानी न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग अभी से तैयारी में लग गया है। शिक्षा विभाग ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर 15 नवंबर तक पोर्टल पर डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने पत्र किया जारी
शिक्षा विभाग की ओर से पत्र जारी किया गया है कि पहली से आठवीं कक्षा में पढने वाले विद्यार्थियों का कक्षावार विषयवार डाटा एमआइएस पोर्टल पर अपलोड किया जाए। अलेवा ब्लाक के स्कूलों द्वारा पोर्टल पर डाटा अपलोड कर दिया गया है। एमआइएस पोर्टल पर अपलोड किए गए डाटा के अनुसार ही विभाग द्वारा पुस्तकें भेजी जाएंगी।
-सुरेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी अलेवा।