उचाना। राजनीति के गढ़ माने जाने वाले उचाना हलके में सबसे पहले जेजेपी पार्टी द्वारा रजबाहा रोड पर बनाए गए कार्यालय का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला 25 जनवरी को करेंगे। राज्य मंत्री अनूप धानक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यालय के अंदर स्टेज लगाने के अलावा हलके से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं।
हरियाणवी कलाकार पार्टी के गीतों के अलावा देशभक्ति गीतों से समां बाधेंगे। शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए हैं। जिस रास्ते से डॉ. अजय चौटाला आएंगे उस रास्ते को पार्टी के झंडों व लड़ियों से सजाया गया है। पूरे दिन कार्यालय में कार्यक्रम को लेकर तैयारी चली। मेन गेट व दीवारों को जेजेपी के रंग से रंगा गया तो स्वर्गीय देवीलाल की प्रमुख बातों को भी दीवारों पर लिखा गया। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा कार्यालय प्रभारी एवं डिप्टी सीएम के निजी सचिव प्रोफेसर जगदीश सिहाग ने लिया। जगदीश सिहाग ने कहा कि रजबाहा रोड पर कार्यक्रम में आने पर फूलों की बारिश से मुख्य अतिथि व कार्यक्रम अध्यक्ष का स्वागत होगा। रास्ते में जगह-जगह पर पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत द्वार लगाए गए हैं। सभी जोन प्रभारियों की कार्यक्रम को लेकर ड्यूटी लगाई गई हैं।